कर्नाटक: भाजपा कार्यालय का घेराव करने की कोशिश के दौरान कर्नाटक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया
कर्नाटक: भाजपा कार्यालय का घेराव करने की कोशिश के दौरान कर्नाटक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया
शिवमोग्गा (कर्नाटक), 23 जुलाई (भाषा) कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कथित नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक और नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में यहां प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी महावीर सर्किल पर एकत्र हुए और वहां से पंडित दीनदयाल रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय की ओर मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया।
पुलिस ने भाजपा कार्यालय के बाहर अवरोधक लगाकर मुख्य द्वार बंद कर दिया था और प्रदर्शनकारियों को परिसर में प्रवेश करने से रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अवरोधक हटाकर कार्यालय में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान एक कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस की गाड़ी पर चढ़ गया और पार्टी का झंडा लहराया।
इस बीच, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी शिवप्पा नायक सर्किल पर एकत्र होकर नयी दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में जवाबी प्रदर्शन किया।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


