कर्नाटक : नर्स की हत्या के आरोपी ने चूहे मारने की दवा खाई, अस्पताल में भर्ती
कर्नाटक : नर्स की हत्या के आरोपी ने चूहे मारने की दवा खाई, अस्पताल में भर्ती
मंगलुरु, 17 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में बस अड्डे पर एक नर्स की हत्या के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए 22 वर्षीय युवक को चूहे मारने की दवा खाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान दक्षिण कन्नड़ जिले की बेलथंगडी तालुक के ओदिलनाल निवासी चेतन के रूप में हुई है। वह मृतका का दूर का रिश्तेदार है।
पुलिस ने बताया कि चेतन पर बृहस्पतिवार शाम दक्षिण कन्नड़ जिले की बंटवाल तालुक स्थित बीसी रोड केएसआरटीसी बस अड्डे पर 21 वर्षीय लावण्या पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या करने का आरोप है।
दक्षिण कन्नड़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण के. ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार तड़के हिरासत में लिया गया और आगे की कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार शाम बंटवाल थाना क्षेत्र में हत्या की घटना की सूचना मिली थी। शिकायत में कहा गया कि लावण्या की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर बंटवाल टाउन थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।’’
एसपी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मृतका का दूर का रिश्तेदार चेतन है।
उन्होंने कहा, ‘‘वह युवती से एकतरफा प्रेम करता था। जांच में यह स्थापित हुआ है कि उसने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की। आरोपी की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। शुक्रवार सुबह उसे मंगलुरु में हिरासत में लिया गया।’’
अरुण के. ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसने जहर खा लिया है। इसके बाद उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘स्वस्थ होने के बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए थाने लाया जाएगा। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’
पुलिस के अनुसार, बंटवाल तालुक के उली गांव के काक्यापदवु की रहने वाली लावण्या काम से लौट रही थी। वह बस में चढ़ने का प्रयास कर रही थी, तभी चेतन ने उसका रास्ता रोक लिया। घबराकर लावण्या वहां से भागने लगी, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा कर भीड़भाड़ वाले बस अड्डे पर ही उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीच-बचाव करने का प्रयास करने वाले लोगों को भी आरोपी ने धमकाया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि चेतन लावण्या के प्रति एकतरफा लगाव रखता था। प्रारंभिक जांच में यह हमला पूर्वनियोजित और इसी जुनून से प्रेरित प्रतीत होता है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद लावण्या का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। शाम के समय भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर हुई इस जघन्य घटना के बाद क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक आक्रोश है।
लावण्या पिछले आठ महीने से नर्स के रूप में कार्यरत थी। उसके परिजनों ने उसे मेहनती और महत्वाकांक्षी युवती बताया, जो अपने ग्रामीण परिवार का आर्थिक सहयोग कर रही थी।
पुलिस ने कहा कि आरोपी की चिकित्सकीय स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उसकी हालत स्थिर होने के बाद पूछताछ फिर से शुरू की जाएगी।
अस्पताल प्रशासन ने हालांकि बताया कि आरोपी धीरे-धीरे ठीक हो रहा है, लेकिन उसे अभी कुछ और समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ सकता है।
भाषा तान्या रवि कांत

Facebook


