कर्नाटक : सुनार की दुकान से सोने के आभूषण ‘चुराता’ चूहा सीसीटीवी में रिकॉर्ड
कर्नाटक : सुनार की दुकान से सोने के आभूषण ‘चुराता’ चूहा सीसीटीवी में रिकॉर्ड
तुमकुरु (कर्नाटक), 31 जुलाई (भाषा) तुमकुरु में एक सुनार की दुकान से आभूषण ‘चोरी’ की पड़ताल में उस समय रोचक मोड़ आया, जब सीसीटीवी की जांच करने पर चूहे को सोने की अंगूठी और चेन खींचकर ले जाते देखा गया।
दुकान के मालिक ने शुक्रवार को कहा कि गायब गहने अंततः चूहे के बिल से बरामद हो गए। उन्होंने बताया कि यह घटना इस सप्ताह की शुरुआत में तब सामने आई जब कर्मचारियों ने नियमित भंडार गिनती के दौरान पाया कि 10 अंगूठियां और दो चेन गायब हैं।
दुकान के मालिक विश्वास के अनुसार, कर्मचारियों को शुरू में चोरी का संदेह हुआ और उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की लेकिन कुछ भी असामान्य नहीं मिला।
उन्होंने कहा, ‘‘हर कोई सोचने लगा कि क्या कोई ग्राहक उन्हें ले गया है, लेकिन इसका भी कोई सबूत नहीं था। हम समझ नहीं पाए कि यह कैसे हुआ।’’
बाद में पाया गया कि कई मूल्य टैग भी गायब थे, जिन पर आभूषणों के वजन का विवरण होता है।
विश्वास ने कहा, ‘‘हमने सोचा कि अगर यह चोर है, तो वे टैग नहीं लेंगे; वे केवल आभूषण लेंगे। इसलिए हमने फिर से पड़ताल करने का फैसला किया।’’
उन्होंने बताया कि पिछली रात की सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल करने पर, कर्मचारियों ने सुबह लगभग 4:30 बजे एक चूहे को अंगूठी ले जाते हुए देखा।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश

Facebook


