कर्नाटक : विजयपुरा में ‘रियल एस्टेट’ कारोबारी की गोली मारकर हत्या

Ads

कर्नाटक : विजयपुरा में ‘रियल एस्टेट’ कारोबारी की गोली मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 11:48 AM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 11:48 AM IST

विजयपुरा (कर्नाटक), 15 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के विजयपुरा जिले में हमलावरों ने 48 वर्षीय एक रियल एस्टेट एजेंट की गाड़ी को कथित तौर पर टक्कर मारने के बाद उसपर गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि परिवार का संपत्ति विवाद संभवत: इसका मकसद हो सकता है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान राजू करे के रूप में हुई है, जो एक ‘फार्म’ का मालिक था और रियल एस्टेट के कारोबार में कथित तौर पर शामिल था।

यह घटना मंगलवार शाम चार बजे से 4:30 बजे के बीच वियजपुरा ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आदिलाबाद गांव के पास हुई।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) लक्ष्मण निंबर्गी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘संभवतः ‘कॉम्पैक्ट यूटिलिटी व्हीकल’’ (वाहन) के आने की सूचना मिलने के बाद ट्रक वहां आया और उसे टक्कर मार दी गई।’’

उन्होंने बताया कि टक्कर के बावजूद पीड़ित व्यक्ति दुर्घटना में बच गया।

एसपी ने कहा, ‘‘उन्होंने चालक की तरफ का दरवाजा तोड़ दिया, उस पर पथराव किया तथा गोलियां चलाईं।’’

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसका सटीक मकसद फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

निंबर्गी ने कहा, ‘‘हमें संदेह है कि यह परिवार के भीतर संपत्ति का विवाद हो सकता है। परिवार के सदस्यों से जानकारी प्राप्त करने के लिए हमें और समय चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक हमें लगभग तीन गोलियों के सबूत मिले हैं तथा हम अन्य जानकारी जुटा रहे हैं।’’

सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक और जांच टीम को तैनात किया गया है।

एसपी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा