कर्नाटक: शिवकुमार ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ ‘वोट चोरी छोड़ों’ आंदोलन का आह्वान किया

कर्नाटक: शिवकुमार ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ ‘वोट चोरी छोड़ों’ आंदोलन का आह्वान किया

कर्नाटक: शिवकुमार ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ ‘वोट चोरी छोड़ों’ आंदोलन का आह्वान किया
Modified Date: August 9, 2026 / 09:53 pm IST
Published Date: August 9, 2026 9:53 pm IST

बेंगलुरु, नौ अगस्त (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने रविवार को कथित ‘‘वोट चोरी’’ के प्रयासों के खिलाफ ‘‘वोट चोरी छोड़ो आंदोलन’’ शुरू करने का आह्वान किया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतदान के अधिकार की रक्षा पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।

शिवकुमार ने भारत छोड़ो दिवस के अवसर पर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के एजेंटों (बीएलए) के लिए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना जरूरी हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘देश में वोट चोरी हो रही है और इसके खिलाफ हमें ‘वोट चोरी छोड़ो आंदोलन’ शुरू करने की जरूरत है।’’

शिवकुमार के अनुसार, मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के जरिए एक करोड़ मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि गणना प्रपत्र ठीक से भरे जाएं और जमा किए जाएं।

शिवकुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘अन्य सभी काम छोड़कर मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए वोट चोरी के खिलाफ लड़ें।’’

उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से भी फॉर्म-6 के जरिए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की अपील की और कहा कि मतदान का अधिकार नहीं होने पर उनकी कोई आवाज नहीं होगी।

शिवकुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा मतदान की आयु 18 वर्ष किए जाने के फैसले को याद करते हुए कहा कि उस समय राजनीतिक दलों ने इस कदम का विरोध किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘भले ही मैं मुख्यमंत्री हूं, लेकिन सबसे पहले मैं कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता हूं। अगर कार्यकर्ता हैं तो पार्टी है और अगर पार्टी है तो सरकार है।’’

शिवकुमार ने कहा कि संविधान देश के लिए ‘‘बाइबिल, कुरान और भगवद्गीता’’ है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ‘‘कभी न झुकेगी, न दबेगी और न पीछे हटेगी।’’ मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश से कांग्रेस और कांग्रेस परिवार को खत्म करने के प्रयास किए गए लेकिन पार्टी अब भी मजबूत बनी हुई है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में