कर्नाटक: पश्चिम बंगाल की आदिवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन गिरफ्तार

कर्नाटक: पश्चिम बंगाल की आदिवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन गिरफ्तार

कर्नाटक: पश्चिम बंगाल की आदिवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन गिरफ्तार
Modified Date: July 21, 2026 / 02:49 pm IST
Published Date: July 21, 2026 2:49 pm IST

मैसुरु, 21 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल की एक आदिवासी महिला का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय महिला का कथित तौर पर मैसूरु जिले के टी. नरसीपुरा कस्बे में निजी बस स्टैंड के पास तीनों आरोपियों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे मूगुरु गांव के पास एक सराय में ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया और नकदी तथा दो मोबाइल फोन लूट लिए गए।

टी. नरसीपुरा पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बाद में आरोपियों ने उसे उसके घर के पास छोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान टी. नरसीपुरा निवासी किरण, किशोर और रयान के रूप में हुई है।

टी. नरसीपुरा पुलिस द्वारा 19 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि कथित अपराध 18 और 19 जुलाई की दरमियानी रात को हुआ।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिकी के अनुसार, एक कार चालक ने महिला को कागज दिखाया और निजी बस स्टैंड के पास एक पते के बारे में पूछा। पता कन्नड़ भाषा में लिखा था, इसलिए महिला ने उसे पढ़ पाने में असमर्थता जताई।

शिकायत के अनुसार, इसके बाद पीछे बैठे दो लोगों ने कार का दरवाजा खोला और जबरन महिला को अंदर खींच लिया।

पुलिस ने बताया कि महिला एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए मैसूरु शहर गई थी और एक प्राइवेट बस से टी. नरसीपुरा लौट रही थी।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर उसे गुंजा नरसिंहस्वामी मंदिर मार्ग से मूगुरु गांव की ओर ले गए और धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया या शोर मचाया तो वे उसे जान से मार देंगे।

प्राथमिकी में कहा गया है कि तीनों आरोपी महिला को मूगुरु गांव के पास स्थित एक सराय के कमरे में ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ मारपीट की और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी देकर उससे रुपये मांगे और उसके पास मौजूद 5,000 रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोपियों से कहा कि उसके घर में एक लाख रुपये रखे हैं और इसी बहाने उन्हें अपने घर ले जाने के लिए कहा।

प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपी 19 जुलाई की तड़के महिला को उसके घर के पास छोड़कर चले गए।

पुलिस ने बताया कि महिला ने अपने मकान मालिक को घटना की जानकारी दी जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस वाहन को अपनी ओर आते देख आरोपी कथित तौर पर कार लेकर फरार हो गए। इसके बाद महिला को पहले टी. नरसीपुरा थाने ले जाया गया और फिर मैसूरु के केआर अस्पताल स्थित एकीकृत देखभाल केंद्र भेजा गया, जहां उसका बयान दर्ज किया गया।

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में