जयपुर में करणी सेना का प्रदर्शन, कई जगह पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

Ads

जयपुर में करणी सेना का प्रदर्शन, कई जगह पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 05:04 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 05:04 PM IST

जयपुर, तीन अगस्त (भाषा) श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के सदस्यों द्वारा सोमवार को जयपुर में निकाली गई रैली के दौरान कई स्थानों पर पुलिस के साथ झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को पानी की बौछार का इस्तेमाल करना पड़ा, जिससे कई जगह यातायात भी प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी कालवाड़ रोड स्थित रावण गेट से कलेक्ट्रेट सर्किल की ओर मार्च कर रहे थे। वे विश्वविद्यालय अनुवाद आयोग (यूजीसी) विनियम-2026 को वापस लेने तथा सवर्ण समाज से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

पुलिस ने रैली को रोकने के लिए कालवाड़ पुलिया पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। इसी तरह चौमूं पुलिया पर भी प्रदर्शनकारियों ने हल्की बारिश के बीच बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की और वहां भी पुलिस के साथ नोकझोंक हुई।

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण भी धक्का-मुक्की की चपेट में आ गए। अधिकारियों ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों के अनुसार कुछ प्रदर्शनकारियों ने पानी की बौछार करने वाले वाहन पर चढ़ने का भी प्रयास किया।

अधिकारियों ने बताया कि रैली के दौरान वहां से गुजर रही एक एंबुलेंस कुछ समय के लिए जाम में फंस गई, हालांकि बाद में प्रदर्शनकारियों ने रास्ता खाली कर दिया, जिससे एंबुलेंस आगे बढ़ सकी।

अधिकारियों ने बताया कि रोके जाने के बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट सर्किल तक पहुंचे, जहां उन्होंने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम रखा था।

यह रैली पिछले करीब 24 दिनों से जारी आंदोलन का हिस्सा है। महिपाल सिंह मकराना ने इसी आंदोलन के तहत जयपुर से बीकानेर जिले के देशनोक तक ‘सवर्ण न्याय यात्रा’ निकाली थी। बाद में यह यात्रा जयपुर लौटी और यात्रा के दौरान मकराना के अस्वस्थ होने की खबरों के बावजूद आंदोलन जारी रहा।

पुलिस के अनुसार स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाषा बाकोलिया

अमित

अमित