जम्मू, 20 अगस्त (भाषा) कठुआ जिले के बिलावर इलाके में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में बार-बार इस्तेमाल की जाने वाली और अपराध से अर्जित आय से खरीदी गई एक कार को जब्त किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई कार कठुआ जिले की मरहीन तहसील के करंडी कलां निवासी यूसुफ शाह के बेटे शब्बीर शाह के नाम पर पंजीकृत है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के वक्त गाड़ी शब्बीर शाह का भाई बाग शाह चला रहा था। बाग शाह मादक पदार्थ तस्कर है और उसके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम अधिनियम (पीआईटी-एनडीपीएस) के तहत मामला दर्ज है।
फिलहाल उसे किश्तवाड़ की जिला जेल में रखा गया है।
पुलिस ने बताया कि यह मामला बिलावर पुलिस थाने में एनडीपीएस की धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी से संबंधित है।
कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए और न्यायिक मजिस्ट्रेट से आवश्यक आदेश प्राप्त करने के बाद कार को जब्त कर लिया गया।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश