पणजी, नौ अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को उत्तरी गोवा में एक आवासीय परियोजना के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने टीसीपी अधिनियम की धारा 39ए को रद्द करने की मांग की और आरोप लगाया कि यह प्रावधान बड़े पैमाने पर जमीन के उपयोग में बदलाव को बढ़ावा देता है तथा राज्य की पहचान के लिए खतरा पैदा करता है।
यहां आजाद मैदान में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ ‘सेव करापुर’ आंदोलन में शामिल हुए केजरीवाल ने कहा कि पारंपरिक गांवों पर बड़े-बड़े आवासीय परिसरों को थोपने से स्थानीय जल संसाधन, जनसांख्यिकीय स्वरूप और राज्य का पारिस्थितिक संतुलन हमेशा के लिए नष्ट हो जायेगा।
सभी गोवावासियों और राजनीतिक दलों से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) अधिनियम की धारा 39ए को तभी रद्द किया जा सकता है, जब भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया जाए।
केजरीवाल ने कहा कि प्रस्तावित मेगा परियोजना, जिसके तहत लगभग 1,800 फ्लैट बनाए जाने हैं, करापुर गांव के स्वरूप को बदल देगी और वहां की जमीन, जल संसाधनों तथा पर्यावरण पर दबाव बढ़ाएगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर आम गोवावासियों के बजाय बिल्डरों के हित में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाओं को लगातार मंजूरी दिए जाने से जमीन, भूजल संसाधनों और स्वच्छ जल तक पहुंच खत्म हो सकती है।
उन्होंने कहा, ‘‘करापुर के लोग पिछले 127 दिनों से इस परियोजना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को सुनने में विफल रही है।’’
केजरीवाल ने गोवावासियों और राजनीतिक दलों से एकजुट होकर भाजपा को हराने तथा राज्य की जमीन, पर्यावरण और पहचान की रक्षा करने की अपील की।
भाषा
देवेंद्र प्रशांत
प्रशांत