तिरुवनंतपुरम, पांच जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने बृहस्पतिवार को कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पड़ोसी राज्य में सत्तारूढ़ दल जनता के मुद्दों के प्रति असंवेदनशील है और केवल भ्रष्ट तरीकों से धन जुटाने में रुचि रखता है।
उन्होंने दावा किया कि असंवेदनशीलता का एक उदाहरण कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार द्वारा बुधवार को चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ से निपटने के लिए पुलिस की सराहना करना था।
भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हुए। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया, “जब लोग मर रहे होते हैं, तो उनकी प्रतिक्रिया आत्म-प्रशंसा वाली होती है। यही उनकी राजनीति का असली चेहरा है।”
उन्होंने कांग्रेस की कर्नाटक इकाई को पार्टी की ‘सबसे अक्षम और भ्रष्ट’ इकाई करार दिया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल में विजयी होने के लिए चार जून को मनाये गये जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 56 अन्य लोग घायल हुए थे।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश