तिरुवनंतपुरम, 27 मई (भाषा) केरल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से जुड़े परिसरों पर छापे मारे।
यह कार्रवाई कथित सीएमआरएल भुगतान मामले में हुई, जिसमें उनकी बेटी का नाम भी कथित तौर पर जुड़ा है।
राज्य की राजधानी में बेकरी चौराहे स्थित दो मंजिला मकान और कन्नूर जिले में विजयन के आवास के बाहर केंद्रीय सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जबकि प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने भीतर तलाशी ली।
छापे की खबर फैलते ही टेलीविजन पत्रकार, कैमरामैन और फोटोग्राफर इन स्थानों पर दौड़ पड़े।
सूत्रों के अनुसार, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलित ब्यूरो सदस्य विजयन और उनके परिजन तलाशी के दौरान बेकरी चौराहे स्थित अपने किराये के आवास में ही मौजूद थे। इसके साथ ही उनके दामाद एवं पूर्व मंत्री पी. ए. मोहम्मद रियास के कोझिकोड स्थित आवास पर भी एक साथ छापेमारी की जा रही है।
कन्नूर जिले के पिनराई गांव में विजयन के आवास के बाहर माकपा कार्यकर्ता जमा हो गए और प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने इस कार्रवाई को भाजपा नीत केंद्र सरकार की ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ कार्रवाई बताया।
माकपा के महासचिव एम. ए. बेबी ने विजयन और अन्य के आवासों पर प्रवर्तन निदेशालय के छापों को ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ और ‘‘घिनौना हमला’’ बताया।
दिल्ली में बेबी ने संवाददाताओं से कहा कि माकपा जनता के सामने यह साबित करेगी कि ये छापे ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के मंत्रिमंडल के दो मंत्रियों ने भी कथित तौर पर ‘कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड’ से धन प्राप्त किया था और उसकी भी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 10 परिसरों पर तलाशी ली जा रही है, जिनमें राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में 81 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री का किराए का मकान, कन्नूर में एक स्थान और निजी संस्था कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) के ‘‘प्रमुख व्यक्तियों’’ के आवास शामिल हैं। यह छापेमारी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
आरोप है कि निजी कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड ने 2018 से 2019 के बीच विजयन की बेटी टी. वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया, जबकि इस आईटी कंपनी ने सीएमआरएल को कोई सेवा प्रदान नहीं की थी।
केरल उच्च न्यायालय ने मंगलवार को सीएमआरएल द्वारा दायर उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें मामले में ईडी की कार्रवाई रद्द करने का अनुरोध किया गया था।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा