केरल के मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद की, पायलट वाहन से अस्पताल भेजा
केरल के मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद की, पायलट वाहन से अस्पताल भेजा
कोच्चि, 20 सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन रविवार को यहां सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और घायल व्यक्ति को उनके साथ चल रहे पुलिस पायलट वाहन से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के सूत्रों के अनुसार, यह घटना कोच्चि कंटेनर रोड पर हुई। सीएमओ ने इस घटना का एक वीडियो भी साझा किया है।
वीडियो में सतीशन दुर्घटनास्थल तक जाते दिखाई दे रहे हैं, जहां एक युवक सड़क पर पड़ा है और उसके चारों ओर खून फैला हुआ है। मुख्यमंत्री ने अपने सुरक्षाकर्मियों से कहा कि वे घायल व्यक्ति को तुरंत पायलट वाहन में बैठाकर अस्पताल पहुंचाएं।
कुछ राहगीरों और मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने घायल व्यक्ति को पायलट वाहन में पहुंचाया। इस दौरान सतीशन ने वहां मौजूद लोगों से हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से घायल को तत्काल अस्पताल ले जाने को कहा।
वीडियो में सतीशन को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘मैं अपने आप चला जाऊंगा। आप जल्दी से उसे अस्पताल ले जाइए। मैं खुद जा सकता हूं, कोई दिक्कत नहीं है।’
वरापुझा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घायल व्यक्ति को ‘एस्टर मेडसिटी’ अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘उसे कई चोटें आईं, लेकिन वे जानलेवा नहीं थीं।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


