एसआईआर पर केरल के कांग्रेस विधायक की टिप्पणी: भाजपा ने राहुल पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया

Ads

एसआईआर पर केरल के कांग्रेस विधायक की टिप्पणी: भाजपा ने राहुल पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 04:59 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 04:59 PM IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) केरल में एसआईआर प्रक्रिया की कांग्रेस के एक विधायक द्वारा प्रशंसा किये जाने के बाद भाजपा ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी पर ‘‘दोहरा मापदंड’’ अपनाने का आरोप लगाया।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझलनादन ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर राहुल गांधी के ‘‘झूठ’’ का ‘‘पर्दाफाश’’ किया है।

उन्होंने कुझलनादन का एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस ने खुद को बेनकाब कर दिया है। केरल में कांग्रेस के विधायक ने कहा है कि एसआईआर बहुत अच्छा था क्योंकि इसने वामपंथियों द्वारा बनाये गए फर्जी मतदाताओं को बाहर कर दिया और कांग्रेस पार्टी की मदद की। इसलिए कांग्रेस पार्टी केरल में एसआईआर, निर्वाचन आयोग या ईवीएम के खिलाफ नहीं बोल रही है।’’

वीडियो में, कुझलनादन को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘‘एसआईआर प्रक्रिया ने कम से कम माकपा द्वारा प्रबंधित कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में बहुत सारे फर्जी मतदाताओं को हटा दिया। इसलिए, इससे भी हमें मदद मिली।’’

पूनावाला ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में सत्ता-विरोधी लहर साफ तौर पर दिख रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बाद में अपना रुख बदलकर चुनावी हार के लिए एसआईआर को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में सत्ता-विरोधी लहर साफ दिख रही थी। राहुल गांधी ने निकोबार जाते समय खुद एक वीडियो बनाया था। लेकिन उसके बाद उन्होंने अपना रुख बदल लिया क्योंकि खुद को बचाने के लिए किसी न किसी पर दोषारोपण करना जरूरी होता है। इसलिए, वह बंगाल में एसआईआर पर दोष मढ़ रहे हैं, लेकिन केरल में नहीं।’’

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘वह केरल में एसआईआर की सराहना कर रहे हैं। यह कांग्रेस पार्टी के दोहरे मापदंड और अवसरवादिता को दर्शाता है।’’

भाषा सुभाष मनीषा

मनीषा