पलक्कड़, 27 अगस्त (भाषा) केरलम के मुंदूर में बृहस्पतिवार को दो लॉरियों की टक्कर के बाद आग लग गई, जिसमें एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जिले के श्रीकृष्णपुरम के अट्टासेरी निवासी नज़रुद्दीन सीपी (45) के रूप में हुई है जो एक लॉरी का चालक था।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे मुंदूर में कोझिकोड-पलक्कड़ राजमार्ग पर कंजिकुलम सर्विस कोऑपरेटिव बैंक की इमारत के सामने हुआ।
उन्होंने बताया कि नज़रुद्दीन लॉरी लेकर मन्नारक्कड़ की ओर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक कंटेनर लॉरी से उनकी टक्कर हो गई।
पुलिस ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद भीषण आग लग गई थी। लोगों ने नज़रुद्दीन को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे उन तक नहीं पहुंच सके।
बाद में दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इसके बाद नज़रुद्दीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कंटेनर लॉरी का चालक घायल है और फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि दो घंटे से अधिक समय की मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद इस मार्ग पर यातायात फिर से शुरू हो गया।
कोंगड़ पुलिस ने कंटेनर लॉरी के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद नज़रुद्दीन का शव उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा