केरल: निर्वाचन आयोग ने भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ ‘वोट के बदले नकदी’ शिकायत की जांच की

Ads

केरल: निर्वाचन आयोग ने भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ ‘वोट के बदले नकदी’ शिकायत की जांच की

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 09:11 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 09:11 PM IST

तिरुवनंतपुरम, आठ अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग के एक उड़न दस्ते ने बुधवार को केरल की पलक्कड़ सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार शोभा सुरेंद्रन के खिलाफ उस शिकायत की जांच की, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए नकदी दी। केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर ने यह जानकारी दी।

कांग्रेस का आरोप है कि सुरेंद्रन की चुनाव प्रचार टीम की एक महिला सदस्य ने पलक्कड़ जिले की कन्नाडी पंचायत में एक बुजुर्ग महिला को भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए नकदी दी।

केलकर के कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मीडिया में आई खबरों के आधार पर जिला निर्वाचन विभाग ने एक उड़न दस्ते को तुरंत कन्नाडी भेजा, जिसने बुजुर्ग महिला देवू (65) का बयान दर्ज किया।

बयान के अनुसार, देवू ने सुरेंद्रन की प्रचार टीम से कोई भी नकदी मिलने से इनकार किया।

केलकर ने बताया कि उड़न दस्ते ने जिलाधिकारी को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है, जिन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिक विस्तृत जांच की आवश्यकता जताई है।

उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच में पता लगाया जाएगा कि क्या आदर्श आचार संहिता या जनप्रतिनिधित्व अधिनियम का उल्लंघन हुआ है।

केलकर ने कहा कि रिपोर्ट की एक प्रति चुनाव पर्यवेक्षकों और पुलिस के साथ साझा की गई है तथा इसके विश्लेषण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, सुरेंद्रन ने अपने ऊपर लगे ‘वोट के बदले नकदी’ आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उन्होंने मतदाताओं को नकदी नहीं बांटी। भाजपा उम्मीदवार ने कांग्रेस और एक टीवी चैनल के पत्रकार पर टेलीविजन पर ‘फर्जी’ वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया।

भाषा पारुल पवनेश

पवनेश