फीफा विश्व कप फाइनल के दौरान नहीं कटेगी बिजली, केरल सरकार ने किए हैं इंतजाम: मंत्री सनी जोसेफ
फीफा विश्व कप फाइनल के दौरान नहीं कटेगी बिजली, केरल सरकार ने किए हैं इंतजाम: मंत्री सनी जोसेफ
कन्नूर (केरल), 19 जुलाई (भाषा) केरल के बिजली मंत्री सनी जोसेफ ने रविवार को आश्वासन दिया कि फीफा विश्व कप फाइनल के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं।
अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फुटबॉल विश्व कप फाइनल मुकाबले का भारत में रात साढ़े 12 बजे से सीधा प्रसारण किया जाएगा।
जोसेफ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूरे मैच के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए केरल राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
मंत्री ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि लोग मैच देखें। इसके लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। आज दिन और रात, दोनों समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हमने अतिरिक्त कीमत चुकाकर भी आवश्यक व्यवस्था की है।’’
जोसेफ ने हालांकि कहा कि केरल इस समय बिजली संकट जैसी चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना कर रहा है। उन्होंने बताया कि बारिश में भारी कमी के कारण पनबिजली जलाशयों में पानी की उपलब्धता घट गई है, जबकि बढ़ते तापमान की वजह से बिजली की मांग भी बढ़ गई है।
मंत्री ने पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार पर आरोप लगाया कि उसने एक दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौते को रद्द कर दिया था, जिसके तहत केरल को 4.29 रुपये प्रति यूनिट की दर से 465 मेगावाट बिजली मिलती थी।
भाषा आशीष संतोष
संतोष

Facebook


