केरल पुलिस ने पीएससी परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठित की

केरल पुलिस ने पीएससी परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठित की

केरल पुलिस ने पीएससी परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठित की
Modified Date: July 9, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: July 9, 2026 10:24 pm IST

तिरुवनंतपुरम, नौ जुलाई (भाषा) केरल पुलिस ने लोक सेवा आयोग (पीएससी) द्वारा आयोजित परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के आरोपों की व्यापक जांच के लिए बृहस्पतिवार को तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।

यह कदम राज्य मंत्रिमंडल द्वारा एक दिन पहले इस मामले की जांच अपराध शाखा को सौंपने के फैसले के बाद उठाया गया।

राज्य पुलिस प्रमुख रवाड़ा ए. चंद्रशेखर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि आरोपों की गंभीरता और त्वरित जांच सुनिश्चित करने की आवश्यकता के मद्देनजर तिरुवनंतपुरम स्थित आर्थिक अपराध शाखा मुख्यालय की पुलिस महानिरीक्षक एस. अजीथा बेगम की अध्यक्षता में तत्काल प्रभाव से विशेष जांच दल का गठन किया गया।

आदेश के अनुसार, इस एसआईटी में पुलिस मुख्यालय के एनआरआई प्रकोष्ठ के पुलिस अधीक्षक जकारिया मैथ्यू तथा अपराध शाखा मुख्यालय के उप पुलिस अधीक्षक अजयनाथ जी. को भी शामिल किया गया है। यह दल आरोपों की विस्तृत और त्वरित जांच करेगा।

आदेश में कहा गया है कि यह विशेष जांच दल अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा) की प्रत्यक्ष निगरानी में काम करेगा, मामले की जांच में तेजी लाएगा और प्रत्येक 15 दिन में पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) को जांच की प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से सौंपेगा।

आदेश के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा) आवश्यकता पड़ने पर प्रभावी और निरंतर जांच सुनिश्चित करने के लिए एसआईटी में अन्य अधिकारियों या कर्मियों को भी शामिल कर सकते हैं।

इससे पहले दिन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केरल लोक सेवा आयोग (पीएससी) मुख्यालय परिसर में प्रवेश कर विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया।

यह विरोध प्रदर्शन मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन द्वारा एक दिन पहले यह घोषणा किए जाने के बाद हुआ कि राज्य सरकार की विभिन्न सेवाओं और पदों के लिए पीएससी द्वारा आयोजित परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच पुलिस की अपराध शाखा करेगी।

उन्होंने कहा था कि केरल प्रशासनिक सेवा (केएएस) परीक्षा के संचालन में अनियमितताओं की शिकायतें मिली हैं।

सतीशन ने कहा था, ‘‘हम लोक सेवा आयोग के कामकाज पर सवाल नहीं उठा रहे हैं और न ही उसे दोषी ठहरा रहे हैं, लेकिन लगाए गए आरोप गंभीर हैं और उनकी जांच होनी चाहिए।’’

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में