तिरुवनंतपुरम, 15 मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग द्वारा रविवार को विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम घोषित किए जाने के तुरंत बाद केरल में राजनीतिक दलों ने आगामी चुनावी मुकाबले को लेकर उत्साह और विश्वास व्यक्त किया।
केरल विधानसभा की 140 सीटों के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा।
सत्ताधारी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) दोनों ने सबसे पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा की, और उनमें से कई ने घोषणाओं के तुरंत बाद अपना चुनाव प्रचार शुरू कर दिया।
एलडीएफ के संयोजक टी.पी. रामाकृष्णन ने कहा कि एलडीएफ में सीटों का बंटवारा लगभग समय पर पूरा हो चुका है और केवल कुछ सीटों के लिए स्पष्टता की आवश्यकता है।
रामाकृष्णन ने कहा, ‘‘हालांकि, एलडीएफ में सीटों के बंटवारे पर सहमति बन चुकी है, लेकिन उम्मीदवारों का चयन संबंधित पार्टियां कर रही हैं। वे अलग-अलग उम्मीदवारों की घोषणा करेंगी।’’
उन्होंने कहा कि माकपा ने पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है और चुनाव प्रचार की गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘चुनाव में यूडीएफ की टीम खड़ी है। हम 100 से अधिक सीटों के साथ सत्ता में वापसी करेंगे।’’
सतीशन ने कहा कि 100 से अधिक सीट जीतने का आत्मविश्वास हाल ही में हुए उपचुनावों और स्थानीय निकाय चुनावों में यूडीएफ की जीत से उत्पन्न हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने के लिए तैयार है।
सतीशन ने कहा कि पार्टी नेताओं के सोमवार को नयी दिल्ली पहुंचने के बाद उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के प्रदेश अध्यक्ष सैयद सादिक अली शिहाब थंगल ने कहा कि सरकार को बदलने के लिए केवल 25 दिन शेष हैं।
थंगल ने कहा, ‘‘यह आराम करने का समय नहीं है। सभी को जोश के साथ आगे बढ़ना चाहिए। यूडीएफ के लिए, उपचुनावों और स्थानीय निकाय चुनावों में जीत के बाद यह अंतिम चरण है।’’
थंगल ने कहा कि मुस्लिम लीग जल्द ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी क्योंकि अंतिम दौर की चर्चा जल्द ही समाप्त होने वाली है।
आगामी कुछ दिनों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने की उम्मीद है।
भाषा रवि कांत नेत्रपाल
नेत्रपाल