हैदराबाद/अमरावती, 15 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश से तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसद पुट्टा महेश कुमार और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी समेत 11 लोगों को हैदराबाद के मोइनाबाद स्थित एक फार्महाउस में कथित तौर मादक पदार्थ का सेवन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया। हालांकि, बाद में सांसद और सात अन्य लोगों को छोड़ दिया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि महेश कुमार, रोहित रेड्डी और चार अन्य लोगों की नशीली दवाओं के सेवन के लिए की जांच की गई और उसकी रिपोर्ट में कथित तौर पर मादक पदार्थ सेवन की पुष्टि हुई।
हैदराबाद के पास मोइनाबाद स्थित रोहित रेड्डी के स्वामित्व वाले एक फार्महाउस में नशीले पदार्थों का इस्तेमाल किए जाने की विश्वसनीय सूचना मिलने पर मादक पदार्थ कानून प्रवर्तन के लिए विशिष्ट कार्य बल (ईगल) ने स्थानीय पुलिस दलों के साथ समन्वय कर शनिवार रात वहां छापा मारा।
हिरासत में लिए गए लोगों में से एक कारोबारी ने पार्टी के दौरान रिवॉल्वर से हवा में कथित तौर पर तीन गोलियां चलाईं और बाद में पुलिस टीम की ओर एक गोली चलाई।
अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत जांच के आधार पर गोली चलाने वाले व्यक्ति के नशे में होने का संदेह है। मौके से एक .32 कैलिबर रिवॉल्वर के साथ-साथ एक कारतूस व खोखा भी जब्त किए गए हैं।
पार्टी में शामिल हुए 11 व्यक्तियों की ‘यूरीन ड्रग टेस्टिंग किट’ के जरिए मौके पर ही जांच की गई और उनमें से रोहित शेट्टी समेत पांच लोगों के मादक पदार्थ का सेवन करने की पुष्टि हुई जबकि सांसद की जांच के परिणाम में इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान, आरोपियों में से एक के पास से 0.26 ग्राम कोकीन बरामद की गई। इसके अलावा, फार्महाउस से भारी मात्रा में शराब भी जब्त की गई।
उन्होंने बताया कि स्वापक ओषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, तेलंगाना राज्य आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ईगल फोर्स के पुलिस अधीक्षक आर गिरिधर ने संवाददाताओं को बताया कि विधिक कार्रवाई के तहत, उन्हें एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया और खून के नमूनों की फिर से जांच की गई जिसमें सांसद समेत छह लोगों के मादक पदार्थ सेवन करने की पुष्टि हुई।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सांसद की प्रारंभिक जांच में उनके मादक पदार्थ लेने की पुष्टि नहीं हुई थी लेकिन खून की जांच में इसकी पुष्टि हो गई।’’
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान, पुलिस टीम ने फार्महाउस परिसर को घेर लिया और एक महिला सहित 11 लोगों को हिरासत में लिया। उनके पास से शराब और संदिग्ध मादक पदार्थ पाए गए।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि रोहित रेड्डी और व्यवसायी सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है क्योंकि उन पर शस्त्र अधिनियम से संबंधित धाराओं के अलावा मादक पदार्थों के सेवन का भी आरोप है।
उन्होंने बताया लेकिन महेश कुमार और सात अन्य लोगों को थाने से जमानत दे दी गई और नोटिस जारी करने के बाद उन्हें रविवार शाम को छोड़ दिया गया।
पुलिस ने बताया कि जिन लोगों के मादक पदार्थ सेवन करने की पुष्टि हुई की पुष्टि हुई है, उन्हें सुधारात्मक दृष्टिकोण के तहत प्रमाणित नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्रों में भेजा जाएगा और उन्होंने इस संबंध में सहमति भी दी है।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि उनमें से कुछ ने यहां और अन्य ने गोवा में नशीली पदार्थों को प्राप्त किया था और इस संबंध में आगे की जांच जारी है।
अधिकारी ने बताया कि नशीले पदार्थ को फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थ के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि रोहित रेड्डी द्वारा आयोजित पार्टी में रियल एस्टेट कारोबारियों, व्यापारियों के साथ-साथ नेता शामिल हुए थे।
इस बीच, तेदेपा ने रविवार को एलुरु लोकसभा से सदस्य पुट्टा महेश कुमार से नोटिस जारी कर मामले में स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
तेदेपा के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने कुमार को संबोधित एक पत्र में कहा, ‘‘ तेदेपा नेतृत्व ने उन आरोपों का गंभीरता से संज्ञान लिया है कि आपने (कुमार) 14 मार्च को मोइनाबाद फार्महाउस में हुई घटना के दौरान नशीले पदार्थों का सेवन किया था और आपको विस्तृत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी का मानना है कि हाल के घटनाक्रमों से उसकी प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची है।
नोटिस के अनुसार, सांसद को अपने ऊपर लगे आरोपों के संबंध में पांच दिनों के भीतर पार्टी नेतृत्व को लिखित में पूर्ण स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
भाषा धीरज खारी
खारी