(फाइल फोटो के साथ)
तिरुवनंतपुरम,18 मई (भाषा) केरल में करीब एक दशक के वामपंथी शासन के बाद सोमवार को सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है। कांग्रेस नेता वी डी सतीशन के नेतृत्व में 21 सदस्यीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) मंत्रिमंडल सुबह 10 बजे राज्य की राजधानी में शपथ ग्रहण करेगा।
सेंट्रल स्टेडियम में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, जहां शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक विशाल मंच तैयार किया गया है।
स्टेडियम में शपथग्रहण के दौरान हजारों पार्टी कार्यकर्ता, राजनीतिक हस्तियों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है। साथ ही इस दौरान बारिश से बचाव के इंतजाम भी किए गए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत अन्य लोग शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। कर्नाटक और तेलंगाना के बाद हाल के समय में केरल, दक्षिण में कांग्रेस शासित तीसरा राज्य बन गया है।
सोमवार सुबह होने वाले इस कार्यक्रम के लिए तिरुवनंतपुरम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
बड़ी संख्या में अति विशिष्ट व्यक्तियों (वीआईपी) और यूडीएफ समर्थकों के तिरुवनंतपुरम आने के मद्देनजर यातायात की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
राजधानी में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक यातायात और पार्किंग नियम लागू हैं।
कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में निर्णायक जीत हासिल की थी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) को सत्ता से बेदखल कर दिया था।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना