केरल : वार्षिक चित्रा पूर्णिमा के अवसर ऐतिहासिक मंगला देवी मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा की

Ads

केरल : वार्षिक चित्रा पूर्णिमा के अवसर ऐतिहासिक मंगला देवी मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा की

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 01:13 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 01:13 PM IST

इडुक्की (केरल), एक मई (भाषा) केरल-तमिलनाडु सीमा पर स्थित पेरियार बाघ अभयारण्य के भीतर ऐतिहासिक मंगला देवी मंदिर में शुक्रवार को वार्षिक चित्रा पूर्णिमा उत्सव के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।

अधिकारियों के अनुसार, ऐसा माना जाता है कि यह प्राचीन मंदिर 1,000 वर्ष से अधिक पुराना है और यह प्रत्येक वर्ष चित्रा माह की पूर्णिमा के दिन ही श्रद्धालुओं के लिए खुलता है। इस अवसर पर दोनों राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु आए।

इडुक्की जिला प्रशासन ने बताया कि यह उत्सव केरल और तमिलनाडु, दोनों राज्य सरकारों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था।

इस मंदिर में दोनों राज्यों की मंदिर परंपराओं के अनुरूप विशेष अनुष्ठान किए गए।

अधिकारियों ने बताया, ‘मंदिर के द्वार सुबह करीब साढ़े पांच बजे खोले गए और उसके बाद धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। मंगला देवी की प्रतिमा वाले गर्भगृह और गणपति एवं शिव-पार्वती को समर्पित निकटवर्ती मंदिरों में केरल की परंपराओं के अनुसार अनुष्ठान किए गए, जबकि पास के दूसरे गर्भगृह में तमिलनाडु की परंपरा के अनुसार अनुष्ठान संपन्न हुए।’

इडुक्की और थेनी जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से महोत्सव के आयोजनों का समन्वय किया।

अधिकारियों ने बताया, ‘श्रद्धालुओं के लिए पीने का पानी, भोजन, शौचालय और मलयालम और तमिल में दिशासूचक बोर्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, आपदा राहत कर्मी और अग्निशमन बल तैनात किए गए थे।’

इडुक्की के जिलाधिकारी डॉ दिनेश चेरुवत्त, जिला पुलिस प्रमुख साबू मैथ्यू के एम, उपजिलाधिकारी अनूप गर्ग और अन्य अधिकारियों ने मंदिर का दौरा किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

भाषा

प्रचेता मनीषा

मनीषा