केआईएडीबी के सहायक आयुक्त 15 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

Ads

केआईएडीबी के सहायक आयुक्त 15 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 03:10 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 03:10 PM IST

बेंगलुरु, 29 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक औद्योगिक क्षेत्र विकास बोर्ड (केआईएडीबी) के एक सहायक आयुक्त (भूमि अधिग्रहण) को राजस्व संबंधी लंबित मामले को निपटाने के एवज में कथित तौर पर 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि कर्नाटक प्रशासनिक सेवा (केएएस) के अधिकारी नागप्रशांत यहां कर्नाटक औद्योगिक क्षेत्र विकास बोर्ड (केआईएडीबी) में विशेष सहायक आयुक्त (उत्तर) और विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी-1 के रूप में पदस्थ हैं।

अधिकारियों के अनुसार नागप्रशांत और उनके अनुबंधित चालक कुमार को जाल बिछाकर गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार येलाहांका के अत्तूर के रवि कुमार (41) ने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि बेंगलुरु स्थित सहायक आयुक्त (उत्तर) कार्यालय के अधिकारी ने लंबित ‘रैपिड रेवेन्यू टीम (आरआरटी)’ मामले में उनके पक्ष में आदेश पारित करने के एवज में 30 लाख रुपये की मांग की थी।

अधिकारियों ने बताया कि चालक ने केएएस अधिकारी नागप्रशांत के निर्देश पर पहले 15 लाख रुपये लिए थे।

उन्होंने कहा, “आज कुमार ने नागप्रशांत के निर्देश पर फिर से 15 लाख रुपये लिए।”

लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया और मामले की जांच जारी है।

भाषा

राजकुमार संतोष

संतोष