उत्तर-पूर्वी दिल्ली में इमारत की छत से गिरने से एमसीडी के सफाई निरीक्षक की मौत

Ads

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में इमारत की छत से गिरने से एमसीडी के सफाई निरीक्षक की मौत

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 09:56 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 09:56 PM IST

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में बुधवार दोपहर एक इमारत की छत से कथित तौर पर गिरने के बाद 58 वर्षीय एमसीडी कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना अपराह्न करीब 3:07 बजे वेलकम थाने को दी गई जिसके बाद पुलिस की एक टीम केशव चौक के पास घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस के पहुंचने पर एमसीडी कर्मी राजकुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। अधिकारी ने बताया कि वह दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में सहायक स्वच्छता निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस ने बताया कि राजकुमार को तत्काल जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि राजकुमार एमसीडी भवन की छत से गिर गया था। पुलिस इस मामले की हर संभव पहलू से जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या यह दुर्घटना थी या इसमें कोई अन्य कारण शामिल थे।

अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर एक फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और प्रारंभिक जांच के तहत सबूत एकत्र किए गए। साथ ही उन्होंने कहा कि इस बात का पता लगाया जाएगा कि वह कैसे गिर गए।

पुलिस ने बताया कि अप्राकृतिक मृत्यु से संबंधित भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

भाषा नोमान नोमान वैभव

वैभव