नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने बुधवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में बड़े पैमाने पर महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के कथित यौन शोषण की खबर का स्वतः संज्ञान लिया।
एक अधिकारी ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब 22 वर्षीय युवक को एक युवती को धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने युवती को धमकी देते हुए कहा था कि अगर उसने रजामंदी नहीं जताई तो वह आत्महत्या कर लेगा।
आयोग ने कहा कि उसकी अध्यक्ष विजया राहटकर ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक को भारतीय न्याय संहिता, यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
राहटकर ने सभी पीड़ितों की पहचान करने, आरोपियों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार करने, ऑनलाइन मंच से सभी संबंधित आपत्तिजनक सामग्री को हटाने और गहन साइबर फॉरेंसिक जांच करने का भी निर्देश दिया है।
एनसीडब्ल्यू ने पीड़ितों की सुरक्षा, परामर्श, चिकित्सा सहायता और पुनर्वास सहायता के लिए उठाए गए कदमों के साथ-साथ भविष्य में इस तरह के उत्पीड़न और ब्लैकमेल नेटवर्क की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए उठाए गए उपायों का विवरण भी मांगा है। इसमें आगे कहा गया है कि सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी गई है।
भाषा संतोष माधव
माधव