कोलकाता के कारोबारी ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से रंगदारी मांगे जाने दावा किया, जांच शुरू

कोलकाता के कारोबारी ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से रंगदारी मांगे जाने दावा किया, जांच शुरू

कोलकाता के कारोबारी ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से रंगदारी मांगे जाने दावा किया, जांच शुरू
Modified Date: August 3, 2026 / 10:39 pm IST
Published Date: August 3, 2026 10:39 pm IST

कोलकाता, तीन अगस्त (भाषा) कोलकाता के एक कारोबारी ने आरोप लगाया है कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य होने का दावा करने वाले लोगों ने उससे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इसके बाद कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि कारोबारी ने 30 जून से अंतरराष्ट्रीय फोन नंबरों से कॉल और ‘वॉइस नोट’ मिलने का आरोप लगाते हुए भवानीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिकायत में बताया गया है कि कॉल करने वालों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया और पांच करोड़ रुपये की मांग की।

अधिकारी ने बताया कि उन्होंने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो कारोबारी और उसके परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी जाएगी।

धमकियों से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

अधिकारी ने कहा, “हमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने का दावा करने वाले लोगों द्वारा रंगदारी मांगे जाने की शिकायत मिली है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।”

अधिकारी ने कहा, “हम कॉल रिकॉर्ड, वॉइस नोट और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि कॉल करने वालों का किसी संगठित आपराधिक गिरोह से संबंध है या उन्होंने केवल शिकायतकर्ता को डराने और पैसे ऐंठने के लिए गिरोह के नाम का इस्तेमाल किया।”

उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन अंतरराष्ट्रीय फोन नंबरों की जानकारी जुटा ली है, जिनसे कॉल और वॉइस मैसेज भेजे गए थे, और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच जारी है।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में