कोलकाता के लिए उड़ान भरने वाले एअर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी, वापस दिल्ली लौट आया

Ads

कोलकाता के लिए उड़ान भरने वाले एअर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी, वापस दिल्ली लौट आया

  •  
  • Publish Date - October 14, 2024 / 12:49 PM IST,
    Updated On - October 14, 2024 / 12:49 PM IST

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) कोलकाता के लिए उड़ान भरने वाला एअर इंडिया का एक विमान तकनीकी खराबी के कारण सोमवार की सुबह राष्ट्रीय राजधानी लौट आया।

यहां एक सूत्र ने बताया कि उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के अगले पहिये में तकनीकी खराबी आ गई और उसे दिल्ली हवाई अड्डे पर वापस लाया गया। हवाई अड्डे पर विमान को उतारने के लिए आपात स्थिति की घोषणा भी कर दी गई।

सूत्र ने बताया कि विमान को हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया।

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली से कोलकाता जाने वाली उड़ान संख्या एआई-401 तकनीकी समस्या के कारण राष्ट्रीय राजधानी लौट आई।

प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को एक बयान में बताया, ‘‘एहतियातन जांच के लिए विमान को सुरक्षित रूप से उतरा गया।’’

विमानन कंपनी यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है।

विमान पर सवार यात्रियों की संख्या के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिली है।

‘फ्लाइट ट्रैकिंग साइट’ फ्लाइटराडार-24 पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह उड़ान ए-321 विमान से संचालित की गई थी।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अगर यात्री चाहें तो उन्हें उड़ान रद्द करने पर पूर्ण धन वापसी और किसी अन्य तिथि पर अपनी यात्रा पुनर्निर्धारित करने की सुविधा दी जा रही है।’’

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा