कोलकाता बलात्कार-हत्याकांड: गोवा के जीएमसीएच में रेजिडेंट डॉक्टरों ने आंदोलन वापस लिया

कोलकाता बलात्कार-हत्याकांड: गोवा के जीएमसीएच में रेजिडेंट डॉक्टरों ने आंदोलन वापस लिया

कोलकाता बलात्कार-हत्याकांड: गोवा के जीएमसीएच में रेजिडेंट डॉक्टरों ने आंदोलन वापस लिया
Modified Date: August 20, 2024 / 05:31 pm IST
Published Date: August 20, 2024 5:31 pm IST

पणजी, 20 अगस्त (भाषा) कोलकाता बलात्कार-हत्या मामले के खिलाफ गोवा में प्रदर्शन कर रहे जूनियर और रेजिडेंट डॉक्टरों ने राज्य सरकार से आश्वासन मिलने के बाद पांच दिन से चल रहा अपना आंदोलन मंगलवार को वापस ले लिया।

‘एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (जीएआरडी)’ ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे से उसकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन मिलने के बाद अपना प्रदर्शन वापस ले लिया।

कोलकाता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में नौ अगस्त को एक महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार और उसकी हत्या के विरोध में जीएआरडी शुक्रवार दोपहर से हड़ताल पर है। फलस्वरूप सरकारी गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) में इन दिनों नियमित सेवाएं प्रभावित रहीं।

प्रदर्शनकारी डॉक्टर जीएमसीएच में सुरक्षा बढ़ाने समेत कई मांगों पर दबाव बना रहे हैं।

मंत्री राणे और जीएमसीएच के डीन डॉ. शिवानंद बांडेकर की उपस्थिति में जीएआरडी के प्रतिनिधियों ने अपनी हड़ताल वापस लेने की घोषणा की।

पत्रकारों से बात करते हुए राणे ने कहा, ‘‘हमने जीएआरडी को लिखित आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री और बाद में मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि रेजिडेंट डॉक्टरों की समस्याओं के समाधान के लिए एक संपर्क अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जीएमसीएच और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ायी जाएगी तथा एसोसिएशन द्वारा चिहि्नत स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

राणे ने कहा कि गोवा सरकार डॉक्टरों की मांग के प्रति संवेदनशील है।

उन्होंने कहा, ‘‘ महिला मुख्यमंत्री द्वारा अगुवाई किये जाने के बावजूद पश्चिम बंगाल सरकार डॉक्टरों के प्रति संवेदनशील नहीं है। यह निराशाजनक है।’’

भाषा

राजकुमार अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में