कोटा: कमरे में फंदे से लटका मिला जेईई अभ्यर्थी का शव, आत्महत्या की आशंका

कोटा: कमरे में फंदे से लटका मिला जेईई अभ्यर्थी का शव, आत्महत्या की आशंका

कोटा: कमरे में फंदे से लटका मिला जेईई अभ्यर्थी का शव, आत्महत्या की आशंका
Modified Date: June 4, 2026 / 04:44 pm IST
Published Date: June 4, 2026 4:44 pm IST

कोटा, चार जून (भाषा) राजस्थान के कोटा में संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र का शव यहां राजीव गांधी नगर स्थित ‘पेइंग गेस्ट’ (पीजी) में छत के पंखे से लटका मिला। पुलिस ने छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि छात्र द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।

मृतक छात्र की पहचान उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर के रहने वाले आर्यन ओझा के रूप में हुई है। वह इस साल फरवरी से कोटा के एक कोचिंग संस्थान में जेईई की तैयारी कर रहा था और शहर के राजीव गांधी नगर में एक पीजी में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10:45 बजे पीजी में रहने वाले अन्य छात्रों ने उसका शव देखा और पुलिस को सूचित किया।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) योगेश शर्मा ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि किशोर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने के कारण इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल सका है।

डीएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमबीएस अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में