कोटा (राजस्थान) 22 मई (भाषा) बोरेखेड़ा क्षेत्र में मोटरसाइकिल से जा रहे एक सेवानिवृत्त स्कूल प्रधानाचार्य की निर्माणाधीन नाले में गिरने से मौत होने के बाद कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शुक्रवार को अपने तीन इंजीनियरों को निलंबित कर दिया और ठेकेदार पर 17 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
यह घटना बुधवार देर रात बारां रोड पर हुई, जब 60 वर्षीय रामेश्वर रावल अपनी सेवानिवृत्ति की पार्टी में शामिल होने के बाद सुभाष नगर स्थित अपने घर लौट रहे थे।
रावल फरवरी में सेवानिवृत्त हो गए थे और यह समारोह बुधवार को आयोजित किया गया था।
हालांकि परिजनों ने उसी रात रावल की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन अगले दिन उनका शव उस समय मिला जब एक राहगीर ने कीचड़ भरे पानी में फंसी एक साइकिल को देखा।
केडीए सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि घटना के सामने आने के बाद अधिशासी अभियंता सागर मीणा, सहायक अभियंता लालचंद मटोरिया और कनिष्ठ अभियंता विनोद मदावत को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘तीनों इंजीनियर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की गई है।’’
चौधरी ने बताया कि जिस ठेकेदार को नाले के निर्माण का काम सौंपा गया था उस पर नाले को न ढकने या चेतावनी चिह्न नहीं न लगाने की वजह से 17 लाख रुपये (ठेके की राशि का 10 प्रतिशत) जुर्माना लगाया गया है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल