कोटद्वार प्रकरण में चर्चित ‘मोहम्मद दीपक’ का जिम बंद होने की कगार पर

Ads

कोटद्वार प्रकरण में चर्चित 'मोहम्मद दीपक' का जिम बंद होने की कगार पर

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 09:07 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 09:07 PM IST

कोटद्वार, 25 मई (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार में एक मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में सामने आने के बाद ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चित हुए जिम संचालक दीपक कुमार का व्यवसाय बंद होने की कगार पर पहुंच गया है।

यहां ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में 42 वर्षीय दीपक कुमार ने बताया कि पिछले चार माह से किराया नहीं दे पाने के कारण मकान मालिक ने उन्हें उस भवन को खाली करने का अल्टीमेटम दिया है, जहां वह ‘हल्क’ नामक जिम चलाते हैं।

उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके जिम में 60 से 65 लोग कसरत के लिए आ रहे हैं, लेकिन उससे जिम का खर्च नहीं निकल पा रहा है।

दीपक ने कहा, “भविष्य में भी जिम आने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना कम नजर आ रही है। एक तो गर्मी का मौसम है और दूसरा लोग अब भी तीन-चार माह पुरानी घटना को लेकर बैठे हैं।”

इस वर्ष जनवरी में पटेल मार्ग स्थित एक समुदाय विशेष की कपड़ों की दुकान ‘बाबा’ के नाम को लेकर बजरंग दल द्वारा प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान दीपक कुमार दुकान मालिक वकील अहमद के समर्थन में सामने आए थे।

उन्होंने बताया कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताया था, जिसके बाद वह इसी नाम से चर्चित हो गए।

दीपक कुमार के अनुसार, वह जिम की जगह के लिए 40 हजार रुपये मासिक किराया देते हैं, लेकिन चार माह से भुगतान नहीं होने के कारण मकान मालिक ने भवन खाली करने को कहा है।

उन्होंने कहा कि अब उनका इरादा जिम बेचकर शहर से बाहर कहीं नौकरी करने का है।

दीपक कुमार ने अपने जिम व्यवसाय के प्रभावित होने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ताओं ने जिम आने वाले युवाओं के घर जाकर वहां न आने का दबाव बनाया।

हालांकि, इस संबंध में पूछे जाने पर कोटद्वार के थाना प्रभारी प्रदीप नेगी ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और न ही जिम संचालक या जिम आने वालों की ओर से कोई शिकायत दी गई है।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत