काठमांडू, 26 मार्च (भाषा) नेपाल में बालेन्द्र शाह ‘बालेन’ को राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के संसदीय दल का नेता चुना गया जिससे उनके सबसे कम उम्र का निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। वह शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के वरिष्ठ नेता बलेंद्र शाह (35) की पार्टी ने पांच मार्च को हुए चुनाव में भारी जीत हासिल की थी। रैपर से राजनीतिक नेता बने शाह देश के शीर्ष कार्यकारी पद पर पहुंचने वाले मधेश क्षेत्र के पहले व्यक्ति भी होंगे।
नेपाल के लोगों ने काठमांडू के पूर्व महापौर और नए चेहरे ‘बालेन’ और उनकी पार्टी आरएसपी को अगली सरकार बनाने के लिए चुना है।
यह चुनाव पिछले साल हुए हिंसक जेन-जेड विरोध प्रदर्शनों के बाद हुआ पहला आम चुनाव था, जिनका उद्देश्य पीढ़ीगत बदलाव और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन लाना था।
बालेन को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल शुक्रवार को प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलाएंगे। नेपाल के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह की पूर्व संध्या पर बालेन ने बृहस्पतिवार को अपने नए गीत ‘जय महाकाली’ का वीडियो जारी किया।
भाषा रंजन संतोष
संतोष