भुवनेश्वर, 26 मार्च (भाषा) मर्चेंट नेवी के लापता कैडेट सार्थक मोहपात्रा के परिवार ने बृहस्पतिवार को ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति से मुलाकात कर मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषणब ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सार्थक तीन फरवरी को मॉरीशस तट के पास एक जहाज से लापता हो गए थे। डेढ़ महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद, उनकी मां रश्मिता मोहपात्रा और परिवार के एक अन्य सदस्य ने राज्यपाल के आधिकारिक आवास पर उनसे मुलाकात कर सीबीआई जांच का अनुरोध करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।
रश्मिता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमें केवल गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली है। हमें अपने बेटे के मामले की जांच के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। इसलिए, हमने राज्यपाल से मुलाकात कर घटना की सीबीआई जांच के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।”
रश्मिता ने बताया कि सार्थक जिस कंपनी में काम करता था, उसके अधिकारी बार-बार ईमेल भेजकर उसका पासपोर्ट और अन्य निजी सामान प्राप्त करने के लिए कह रहे हैं।
उन्होंने कहा, “हमने उन्हें कहा है कि वे जहाजरानी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पासपोर्ट और अन्य सामान सौंपें।”
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष