केरल को समृद्धि की ओर ले जाने में ‘सक्षम सरकार’ का अभाव है: किरेन रीजीजू
केरल को समृद्धि की ओर ले जाने में ‘सक्षम सरकार’ का अभाव है: किरेन रीजीजू
कोच्चि, 23 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने सोमवार को कहा कि केरल को समृद्धि की राह पर ले जाने में सक्षम सरकार का राज्य में अभाव है।
संसदीय कार्य मंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि केरल में ऐसी अनुकूल सरकार का अभाव है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की पहल को प्रभावी ढंग से लागू कर सके।
रीजीजू ने कहा, ‘‘केरल में हमेशा ऐसी सक्षम सरकार का अभाव रहा है, जो ऊर्जा का संचार कर राज्य को समृद्धि के अगले स्तर पर ले जा सके।’’
उन्होंने कहा कि वह राजग कार्यालय का उद्घाटन करने को लेकर उत्साहित हैं और उन्होंने इसे केरल में एकजुट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगियों के लिए अच्छी शुरुआत बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह अच्छी शुरुआत है और हमें उम्मीद है कि बहुत जल्द केरल के लोगों के लिए बेहतर और उज्ज्वल दिन आने वाले हैं।’’
रीजीजू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा की गई पहल में से केवल नाममात्र की पहल ही केरल तक पहुंच पा रही हैं, क्योंकि राज्य में इसके अनुकूल सरकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि केरल के लोगों ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की लंबे समय से बारी-बारी से बन रही सरकारों को बहुत झेल लिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए यह केवल मेरे लिए, बल्कि केरल के लोगों के लिए भी उत्साहजनक समय है कि हमें वास्तव में सही विकल्प-राजग मिल रहा है जो प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण को आगे बढ़ा सकेगा और यहां के लोगों के सपनों एवं आकांक्षाओं को पूरा कर सकेगा।’’
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और राज्य में राजग के अन्य नेता भी कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर मौजूद थे।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा

Facebook


