जमीन धोखाधड़ी प्रकरण: जम्मू कश्मीर के बडगाम में ईओडब्ल्यू ने तलाशी ली
जमीन धोखाधड़ी प्रकरण: जम्मू कश्मीर के बडगाम में ईओडब्ल्यू ने तलाशी ली
श्रीनगर, 19 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मंगलवार को बडगाम जिले में भूमि धोखाधड़ी के एक मामले में तलाशी अभियान चलाया।
ईओडब्ल्यू के एक प्रवक्ता ने बताया कि बडगाम जिले के सेम्सान गांव में एक आरोपी के घर पर कार्यकारी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी ली गई ताकि मामले से संबंधित अभियोजनयोग्य सामग्री और अन्य सबूत इकट्ठा किये जा सकें।
प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला 93 लाख रुपये की कथित भूमि धोखाधड़ी से संबंधित है, जिसमें बडगाम के जवलपुरा के गुलाम मोहिउद्दीन डार और बेंगलुरु (कर्नाटक) के सोमनाथ कौल कथित रूप से शामिल हैं। कौल जम्मू के जानीपुर क्षेत्र में रहता है।
प्रवक्ता ने बताया, ‘‘जांच से पता चला कि शिकायतकर्ता को पुलवामा के द्रुसू में पांच कनाल (एक कनाल 5445 वर्ग फुट के बराबर होता है) प्रवासी भूमि और अनंतनाग के बिजबेहरा में 300 पेड़ फर्जी विक्रयनामे के माध्यम से खरीदने का कथित तौर पर लालच दिया गया । दूसरे आरोपी सोम नाथ कौल ने खुद को अटॉर्नी धारक (वह व्यक्ति जिसे मूल मालिकों ने कानूनी रूप से अपने अधिकार सौंपे हैं) बताया जबकि गुलाम मोहिउद्दीन डार ने गवाह की भूमिका निभाई।’’
उन्होंने कहा कि जांच में यह भी पता चला कि न तो जमीन और न ही पेड़ आरोपी के थे।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


