उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन, 126 मार्ग अवरुद्ध

उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन, 126 मार्ग अवरुद्ध

उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन, 126 मार्ग अवरुद्ध
Modified Date: July 12, 2026 / 04:40 pm IST
Published Date: July 12, 2026 4:40 pm IST

देहरादून, 12 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन होने से 126 मार्ग अवरुद्ध हो गए, जबकि देहरादून में एक निर्माणाधीान भवन की दीवार ढहने से एक महिला घायल हो गई और एक अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया।

इस बीच, पिछले तीन दिन से स्यानाचट्टी में भूस्खलन के कारण बंद पड़े यमुनोत्री राजमार्ग को दुरुस्त करने का काम लगातार जारी है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड में दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कुल 126 मार्ग भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हैं।

एसईओसी के अनुसार, देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में पिछले साल आई आपदा के दौरान बहे पुल की जगह बनाया गया अस्थाई पुल रविवार तड़के आई भारी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया।

केंद्र ने बताया कि यातायात के लिए वैकल्पिक तौर पर झाझरा-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग का इस्तेमाल किया जा रहा है। उसने बताया कि इसके अलावा, देहरादून के पथरिया पीर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण एक निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई।

एसईओसी के मुताबिक, संभावित खतरे के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र के सात परिवारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

इस बीच, स्यानाचट्टी में ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन के कारण बृहस्पतिवार से अवरुद्ध है। राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम मार्ग को दुरुस्त कर यातायात बहाल करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में मलबा और बोल्डर हटाने के साथ ही वैकल्पिक मार्ग भी तैयार किया गया है, जिससे आवश्यक आवाजाही सुचारु रूप से जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है।

भाषा

दीप्ति सं पारुल

पारुल


लेखक के बारे में