खेड़ा के खिलाफ मेरी पत्नी के मामले में कानून अपना काम करेगा : हिमंत विश्व शर्मा

Ads

खेड़ा के खिलाफ मेरी पत्नी के मामले में कानून अपना काम करेगा : हिमंत विश्व शर्मा

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 07:32 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 07:32 PM IST

(फोटो सहित)

गुवाहाटी, 13 मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि उनकी पत्नी के कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ दायर मामले में कानून अपना काम करेगा।

खेड़ा ने आरोप लगाया था कि हिमंत की पत्नी के पास कई पासपोर्ट और विदेशों में अघोषित संपत्तियां हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने दूसरे कार्यकाल में मंत्रिमंडल की पहली बैठक की अध्यक्षता करने के बाद यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार, वह (खेड़ा) बुधवार को अपराध शाखा के सामने पेश हुए और पुलिस निश्चित रूप से उनसे पूछताछ करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘कानून अपना काम करेगा, लेकिन हमें केंद्र सरकार से लिखित में यह सूचना मिल चुकी है कि खेड़ा द्वारा प्रदर्शित दस्तावेज फर्जी थे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए पुलिस जांच में ज्यादा समय नहीं लगेगा और वे निर्धारित समय के भीतर आरोप पत्र दाखिल कर सकेंगे।

शर्मा ने कहा, ‘‘अगर वह सहयोग करना जारी रखते हैं, तो आरोप पत्र या अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने में तेजी आएगी, लेकिन अगर वह सहयोग नहीं करते हैं, तो इसमें समय लग सकता है। हम मामले को जल्द से जल्द निपटाना चाहते हैं।’’

खेड़ा ने अपराध शाखा कार्यालय में प्रवेश करने से पहले पत्रकारों से कहा कि वह जांच में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पुलिस ने तलब किया था, जिसके बाद मैं यहां आया हूं। हम कानून और न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, इसलिए मैं कानूनी प्रक्रिया के अनुसार यहां उपस्थित हूं।’’

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत