लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगी को कनाडा से निर्वासित किया गया, पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया

Ads

लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगी को कनाडा से निर्वासित किया गया, पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 01:55 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 01:55 PM IST

चंडीगढ़, 15 सितंबर (भाषा) जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी करमवीर सिंह को कनाडा से निर्वासित किए जाने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पंजाब पुलिस के ‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स’ (एजीटीएफ) द्वारा करमवीर सिंह की गिरफ्तारी को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘करमवीर सिंह ने अमेरिका में अनमोल बिश्नोई को रसद संबंधी मदद और छिपने के लिए ठिकाना उपलब्ध कराया था। वह राज्य अपराध पुलिस थाना, एसएएस नगर में दर्ज प्राथमिकी में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), शस्त्र अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वांछित था। पंजाब एजीटीएफ ने तीन सितंबर 2026 को उसके खिलाफ ‘लुक आउट सर्कुलर’ (एलओसी) जारी किया था।’’

अनमोल बिश्नोई, लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है।

डीजीपी ने बताया कि करमवीर सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, शस्त्र अधिनियम के तहत अपराध तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं।

उन्होंने कहा कि उसके व्यापक आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने और जहां कहीं भी वांछित अपराधी सक्रिय हैं, उन्हें कानून के शिकंजे में लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भाषा

राखी वैभव

वैभव