एलसीआर कॉलेज विवाद: छात्रों ने स्पष्टीकरण जारी कर राजनीतिक पूर्वाग्रह से इनकार किया

एलसीआर कॉलेज विवाद: छात्रों ने स्पष्टीकरण जारी कर राजनीतिक पूर्वाग्रह से इनकार किया

एलसीआर कॉलेज विवाद: छात्रों ने स्पष्टीकरण जारी कर राजनीतिक पूर्वाग्रह से इनकार किया
Modified Date: April 18, 2026 / 12:57 am IST
Published Date: April 18, 2026 12:57 am IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्री राम (एलएसआर) कॉलेज के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को जारी एक नए बयान में हालिया विरोध प्रदर्शन को किसी खास राजनीतिक विचारधारा के प्रति कथित पूर्वाग्रह से अलग बताने की कोशिश की, कॉलेज की प्राचार्य ने कहा कि समाधान तलाशने के लिए विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच बातचीत जारी है।

एलएसआर में प्राचार्य कनिका के. आहूजा के भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया पेज पर साझा एक वीडियो में नजर आने को लेकर भड़के विरोध के दो दिन बाद, प्राचार्य ने कहा कि शुक्रवार को परिसर में कोई प्रदर्शन नहीं हुआ।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘संकाय सदस्य और छात्रों के बीच पूरे दिन बातचीत हुई। हमें उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले पर कोई सौहार्दपूर्ण समाधान निकल जाएगा।’’

उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त वीडियो केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा ‘नारी वंदन सम्मेलन’ के लिए रिकॉर्ड किया गया था, जिसमें महिला आरक्षण विधेयक पर चुनिंदा महिलाओं की राय दिखाई गई थी।

इस बीच, एलएसआर के छात्रों ने शुक्रवार को एक “स्पष्टीकरण बयान” जारी करते हुए कहा कि वे किसी भी राजनीतिक दल या विचारधारा के प्रति पक्षपाती नहीं हैं, लेकिन यदि प्रशासन के सदस्यों को अपने राजनीतिक विचार और विश्वास व्यक्त करने का अधिकार है, तो छात्रों को भी वही अधिकार मिलना चाहिए।

बयान में कहा गया, “सबसे पहले, हम महिला आरक्षण विधेयक या किसी भी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं हैं। हमारी आपत्तियां किसी विचारधारा, सरकार या नीति के खिलाफ नहीं हैं।”

बयान में कहा गया, “छात्रों द्वारा शुरू किया गया विरोध और चर्चाएं केवल हमारे संस्थागत माहौल में मौजूद असंगतियों और दोहरे मापदंडों को उजागर करने पर केंद्रित हैं,” और यह भी रेखांकित किया गया कि छात्रों को भी अपने राजनीतिक विचार रखने और उन्हें व्यक्त करने का समान अधिकार है, जिसे नकारा नहीं जा सकता।

भाषा

प्रचेता खारी

खारी


लेखक के बारे में