दिल्ली में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट, हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

Ads

दिल्ली में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट, हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 11:09 AM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 11:09 AM IST

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।

सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम और पिछले दिन की तुलना में 0.9 डिग्री कम है। पालम में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन से 0.7 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.1 डिग्री कम है।

शनिवार तड़के कई मौसम केंद्रों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

सफदरजंग केंद्र पर शुक्रवार रात 11:30 बजे से देर रात 2:30 बजे तक 16.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद अगले तीन घंटों में 1.6 मिमी बारिश हुई। पालम में रात 11:30 बजे से देर रात 2:30 बजे तक 10.2 मिमी और देर रात 2:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक 3.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

पूसा मौसम केंद्र में देर रात 2:30 बजे तक 13 मिमी और उसके बाद 16 मिमी बारिश दर्ज की गई।

आईएमडी ने शनिवार को बहुत हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है और कहा है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम की ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।

आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘शनिवार को कई स्थानों पर बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। सुबह से दोपहर तक कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। शाम या रात के समय कई इलाकों में फिर से बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।’’

आईएमडी के अनुसार, अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्ली में अगस्त के पहले सप्ताह में 2011 के बाद सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। महीने के पहले सात दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में 127 मिमी बारिश हुई। शुक्रवार तक लगातार बारिश के कारण शहर में अगस्त के पहले सप्ताह में 15 वर्षों की सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई।

शहर के कई मौसम केंद्रों पर एक दिन में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) संतोषजनक श्रेणी में रहा। सुबह नौ बजे एक्यूआई 59 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 63 रहा था, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0-50 एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मध्यम’, 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘बहुत खराब’ और 401-500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा शोभना प्रशांत

प्रशांत