विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा में प्रश्नकाल बाधित, कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

Ads

विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा में प्रश्नकाल बाधित, कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

  •  
  • Publish Date - March 11, 2026 / 11:48 AM IST,
    Updated On - March 11, 2026 / 11:48 AM IST

नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) विपक्षी दलों के सदस्यों ने पश्चिम एशिया संकट और देश में रसोई गैस की कथित तौर पर किल्लत होने को लेकर बुधवार को लोकसभा में हंगामा किया, जिसके कारण सदन की बैठक आरंभ होने के करीब आधे घंटे बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच हुए। उन्होंने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘मोदी जी, एलपीजी’ के नारे लगाए गए।

सदन में शोर-शराबे के बीच पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने प्रश्नकाल शुरू कराया और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्चिनी वैष्णव ने कई पूरक प्रश्नों के उत्तर दिए।

अश्चिनी वैष्णव ने हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों को देश की प्रगति में कोई दिलचस्पी नहीं है तथा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो विकास हुआ है वह उन्हें पच नहीं रहा है।

पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और सदन चलने देने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष को जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। अगर आप सदन को बार बार बाधित करेंगे तो यह संदेश जाएगा कि सरकार सदन चलाना चाहती है, लेकिन विपक्ष नहीं चाहता है।’’

हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने सदन की बैठक पूर्वाह्न 11 बजकर 29 मिनट पर दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

भाषा हक हक मनीषा

मनीषा