नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) लोकसभा में बृहस्पतिवार को कांग्रेस सदस्यों ने एलपीजी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने देने की मांग करते हुए शोर-शराबा किया, जिसके बाद सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे फिर शुरू हुई तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनके खिलाफ विपक्ष के संकल्प पर हुई सदन में पिछले दो दिन की चर्चा पर अपने विचार रखे। उनका कहना था कि उन्होंने निष्पक्षता और नियमों के अनुरूप सदन की कार्यवाही संचालित करने का प्रयास किया है तथा किसी भी सदस्य को नियमों से परे जाकर बोलने का विशेषाधिकार नहीं है।
इसके बाद बिरला ने आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखवाए।
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने राहुल गांधी ने एलपीजी के मुद्दे पर नोटिस दे रखा है और वह सदन में अपनी रखना चाहते हैं।
इस पर बिरला ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का नोटिस मिला है जिसके बारे में सरकार को अवगत करा दिया गया है तथा जब संबंधित विभाग के मंत्री सदन में रहेंगे तो उस विषय पर चर्चा होगी।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि मुद्दा महत्वपूर्ण है तो सरकार जवाब देना चाहेगी तथा मंत्री रहेंगे तो इस पर जवाब दिया जाएगा।
इसके बाद भी कांग्रेस सदस्यों ने अपनी मांग को उठाना जारी रखा। बिरला ने दोपहर 12 बजकर 33 मिनट पर सदन की बैठक अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले, सुबह 11 बजे एलपीजी के विषय पर कांग्रेस सदस्यों के शोर-शराबे के कारण कार्यवाही शुरू होने के दो मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई थी।
भाषा हक हक वैभव
वैभव