इधर चौथे चरण का मतदान, उधर नेताओं ने शुरु की आगे की तैयारी, जानिए कौन कहां
इधर चौथे चरण का मतदान, उधर नेताओं ने शुरु की आगे की तैयारी, जानिए कौन कहां
रायपुर। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए आज (सोमवार को) मतदान हो रहा है तो वहीं नेताओं ने अगले चरण की तैयारियां शुरु कर दी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड के दौरे पर रहेंगे। जमुआ के श्यामसिंह नावाडीह में होने वाली चुनावी रैली को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा की कमान विशेष सुरक्षा दल ने संभाल ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र आज कोडरमा संसदीय क्षेत्र के जमुआ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। संयोग यह भी है कि इसी दिन झारखंड में पहले चरण की तीन सीटों, लोहरदगा, पलामू और चतरा के लिए वोट भी डाले जाएंगे।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रदेश में दूसरे चरण में होने वाली लोकसभा सीटों के चुनाव प्रचार के लिए आज फिर राजस्थान के दौरे पर जाएंगे। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान राहुल गांधी तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। राहुल आज करौली-धौलपुर, चूरू और जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र में सियासी समीकरण साधेंगे। बात करें प्रियंका गांधी की तो वो वाराणसी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के नामांकन में शामिल होंगी। इस बार बनारस को केंद्र में रखकर प्रियंका का दौरा चार दिन का हो सकता है। अजय राय के नामांकन के दौरान प्रियंका के रोड शो भी करेंगी।
अभी अभी बीजेपी में शामिल हुए एक्टर और गुरुदासपुर से बीजेपी प्रत्याशी सनी देओल आज अपना नामाकन दाखिल करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज श्रीदत्तगंज ब्लॉक के खरदौरी में भाजपा संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। श्रावस्ती संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी दद्दन मिश्र और सदर विधायक पल्टूराम ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल पर नारियल तोड़ कर पूजन किया।

Facebook


