बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र, ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश

Ads

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र, ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 10:05 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 10:05 PM IST

भुवनेश्वर, दो जुलाई (भाषा) बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से बृहस्पतिवार को राजधानी भुवनेश्वर सहित ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को जगतसिंहपुर में 57.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद ढेंकनाल में 46 मिमी, भुवनेश्वर में 28.9 मिमी, केंद्रपाड़ा में 27 मिमी और बारीपदा में 20 मिमी बारिश हुई।

एक अधिकारी ने बताया कि मलकानगिरी जिले के कालीमेला ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मनमकोंडा पंचायत की सीतापाली घाट सड़क पर भूस्खलन हुआ है, जिससे यातायात बाधित हो गया है।

भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि कम दबाव के क्षेत्र के कारण अगले कुछ दिनों के दौरान ओडिशा के कई हिस्सों में सामान्य से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।

मोहंती ने कहा कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा तट पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है।

उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान इसके और मजबूत होने की संभावना है।

मोहंती ने बताया कि शुक्रवार को कोरापुट और मल्कनगिरी जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इन दोनों जिलों के लिए ‘रेड’ अलर्ट (कार्रवाई करें) की चेतावनी जारी की गई है।

आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार के लिए कालाहांडी, नवरंगपुर, रायगढ़ा और गजपति जिलों को ‘ऑरेंज’ चेतावनी (कार्रवाई के लिए तैयार रहें) के तहत रखा गया है, जबकि बालासोर, कटक, मयूरभंज, सोनपुर, बौध, नुआपाड़ा, बोलांगीर, कंधमाल, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों के लिए ‘येलो’ चेतावनी (सतर्क रहें) जारी की गई है।

इसमें कहा गया है कि ऐसी ही मौसम की स्थिति कम से कम अगले तीन दिनों तक बनी रह सकती है।

भाषा तान्या माधव

माधव