दिल्ली के उपराज्यपाल ने गोशाला, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए भूमि आवंटन को मंजूरी दी

Ads

दिल्ली के उपराज्यपाल ने गोशाला, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए भूमि आवंटन को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - June 5, 2026 / 03:58 PM IST,
    Updated On - June 5, 2026 / 03:58 PM IST

नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में दो आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्र और एक गोशाला की स्थापना के लिए ग्राम सभा की भूमि के आवंटन को मंजूरी दे दी है। ‘लोक निवास’ के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी दिल्ली के सुंगरपुर गांव में 28 बीघा और पांच बिस्वा ग्राम सभा की जमीन को वहां गोशाला स्थापित करने के वास्ते 99 वर्षों की अवधि के लिए मंजूरी दे दी गई है।

बिस्वा उत्तर भारतीय राज्यों के ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों में प्रयुक्त एक पारंपरिक भूमि मापने की इकाई है।

यह भूमि दिल्ली सरकार के विकास विभाग की पशुपालन इकाई को आवंटित की जाएगी जिसका उपयोग उस स्थान पर गोशाला विकसित करने के लिए किया जाएगा।

इस फैसले से अगस्त 2025 से दिल्ली के हर जिले में कम से कम एक गोशाला और एक श्वान आश्रय स्थापित करने के सरकार के पूर्व निर्णय को प्रोत्साहन मिलेगा।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि संधू ने उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाके मंगेशपुर और दक्षिणी दिल्ली के फतेहपुर बेरी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थापना के लिए ग्राम सभा की जमीन एक रुपये के सांकेतिक शुल्क पर आवंटित करने को भी मंजूरी दी है।

अधिकारियों ने बताया कि जमीन की कमी के कारण आरोग्य मंदिरों को ‘‘गंभीर चुनौतियों’’ का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि उपराज्यपाल के इस फैसले के साथ आरोग्य मंदिरों को आवंटित जमीनों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इनमें उत्तरी दिल्ली में तीन स्थान, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में नौ और दक्षिण-पूर्व और दक्षिणी दिल्ली में एक-एक स्थान पर भूमि आवंटन को मंजूरी शामिल है।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश