‘खालसा कर’ का मुद्दा सुक्खू ने पंजाब के समकक्ष उठाया: हिमाचल प्रदेश के मंत्री

Ads

‘खालसा कर’ का मुद्दा सुक्खू ने पंजाब के समकक्ष उठाया: हिमाचल प्रदेश के मंत्री

  •  
  • Publish Date - June 5, 2026 / 03:55 PM IST,
    Updated On - June 5, 2026 / 03:55 PM IST

शिमला, पांच जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के पंजीकृत वाहनों पर पंजाब सीमा पर लगाये जा रहे ‘खालसा कर’ का मुद्दा वहां के मुख्यमंत्री भगवंत मान के सामने उठाया है। हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नेगी किरतपुर साहिब-मनाली राजमार्ग से पंजाब में प्रवेश करने वाले हिमाचल प्रदेश नंबर प्लेट वाले वाहन चालकों पर निहंग सिखों के एक समूह द्वारा लगाए गए सांकेतिक कर का बुधवार को यहां जिक्र कर रहे थे।

समूह ने कहा कि वह यह कर इसलिए वसूल रहा है क्योंकि हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करने पर अन्य राज्यों के वाहनों पर ‘प्रवेश शुल्क’ लगाया जाता है।

इस (खालसा) कर को ‘अवैध’ करार देते हुए नेगी ने आरोप लगाया कि यह पर्यटन सीजन से पूर्व एक साजिश है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के कसोल की एक हालिया घटना का भी जिक्र किया, जहां 30 मई को पंजाब के चार पर्यटकों को एक स्थानीय व्यक्ति को गोली मारकर घायल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

नेगी ने कहा, “पहले एक स्थानीय व्यक्ति को गोली मार दी गई और अब पंजाब सीमा पर अवैध कर वसूला जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि किस प्रकार के कर या शुल्क लगाए जाएं, यह तय करना राज्य सरकारों का अधिकार है और किसी व्यक्ति या संगठन को कोई शुल्क लगाने का अधिकार नहीं है।

“कर” वसूलने वाले समूह के नेता अछर सिंह ने पत्रकारों से कहा कि उनका समूह किसी को भी भुगतान करने के लिए मजबूर नहीं करता और वह हिमाचल प्रदेश में पंजीकृत वाहनों से पंजाब में प्रवेश करने वाले यात्रियों से स्वेच्छा से “खालसा कर” का भुगतान करने की अपील करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हिमाचल प्रदेश में जाने पर अन्य राज्यों के वाहनों पर लगाए जाने वाले कर के खिलाफ एक प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन है।’’

हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने राज्य में प्रवेश करने पर अन्य राज्यों के वाहनों पर प्रवेश शुल्क एक अप्रैल से बढ़ा दिया तथा नया कर 100 रुपये एवं 700 रुपये के बीच है।

भाषा राजकुमार मनीषा

मनीषा