उपराज्यपाल सक्सेना ने लद्दाख पर्यटन विकास सोसाइटी को मंजूरी दी

Ads

उपराज्यपाल सक्सेना ने लद्दाख पर्यटन विकास सोसाइटी को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 07:43 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 07:43 PM IST

लेह/जम्मू, एक जून (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्र के नियोजित, समन्वित और सतत विकास के लिए लद्दाख पर्यटन विकास सोसाइटी (एलटीडीएस) के गठन को सोमवार को मंजूरी दे दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

लद्दाख पर्यटन विकास सोसाइटी, एक स्वायत्त निकाय होगी जो पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्र का नियोजित, समन्वित व सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए सरकारी एजेंसियों, पर्यटन हितधारकों और स्थानीय समुदायों को एक साझा मंच पर लाएगी।

सक्सेना ने इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यटन लद्दाख की अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख स्तंभ और यहां के लोगों की आजीविका का प्रमुख स्रोत बना हुआ है।

अधिकारियों ने बताया, “लद्दाख में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र के नियोजित, समन्वित व सतत विकास को दिशा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। लद्दाख के उपराज्यपाल ने एलटीडीएस के गठन को मंजूरी दे दी है।”

उन्होंने बताया कि लद्दाख में पर्यटन के समग्र विकास के लिए एक समर्पित संस्थागत तंत्र के रूप में कार्य करने के लिए एलटीडीएस की स्थापना की गई है।

अधिकारी ने बताया, “यह संस्था पर्यावरण सुरक्षा, सांस्कृतिक संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए पर्यटन संबंधी योजनाओं, प्रचार, विनियमन, समन्वय और कार्यान्वयन के लिए केंद्रीय एजेंसी के रूप में कार्य करेगी।”

उन्होंने बताया कि यह सोसाइटी पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण और नीतिगत दिशा-निर्देशों के अधीन एक स्वायत्त, गैर-लाभकारी संस्था के रूप में कार्य करेगी।

अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल इसके मुख्य संरक्षक होंगे जबकि मुख्य सचिव अध्यक्ष और पर्यटन सचिव सदस्य सचिव होंगे।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश