जम्मू, 11 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को ‘नशा मुक्त अभियान’ के तहत हजारों लोगों की पदयात्रा का नेतृत्व किया।
इस दौरान उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में मादक पदार्थों के इस्तेमाल के खिलाफ लड़ाई को ‘‘संपूर्ण सरकारी’’ दृष्टिकोण से आगे बढ़ाए जाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन इस सामाजिक बुराई से प्रभावी ढंग से निपटने और केंद्र शासित प्रदेश के युवाओं को सुरक्षित रखने के लिए सभी विभागों और हितधारकों को साथ लेकर एक समन्वित तथा निरंतर अभियान चलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह पदयात्रा जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम से शुरू हुई और डोगरा चौक, विवेकानंद चौक, रघुनाथ बाजार और सिटी चौक से होते हुए परेड ग्राउंड पर जाकर समाप्त हुई। करीब दो किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में लोगों में हाथों में तिरंगा लिए मादक पदार्थों के इस्तेमाल के खिलाफ नारे लगाए।
उपराज्यपाल ने कहा, “आज हमने जम्मू के एमए स्टेडियम से नशामुक्त जम्मू कश्मीर के लिए ऐतिहासिक जन अभियान की शुरुआत की। हमने एक ऐसे संकल्प को आवाज़ दी है जो केंद्र शासित प्रदेश के हर गांव, कस्बे, शहर, घर और हर धड़कन तक पहुंचेगा तथा नशामुक्त क्षेत्र के वादे को पूरा करेगा।”
उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने महत्वपूर्ण हैं क्योंकि अभियान छह चरणों में बढ़ेगा जिसमें जागरूकता अभियान, युवा-केंद्रित कार्यक्रम, सामुदायिक सहभागिता, सख्त प्रवर्तन, पुनर्वास और मूल्यांकन शामिल है।
उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘हम जम्मू कश्मीर को मादक पदार्थों के खतरे से मुक्त करने के लिए सरकार के समग्र दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ेंगे।’’
भाषा
प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल