उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने ‘हॉल ऑफ फेम’ का किया दौरा, भारतीय सेना के पराक्रम को सराहा

Ads

उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने ‘हॉल ऑफ फेम’ का किया दौरा, भारतीय सेना के पराक्रम को सराहा

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 06:48 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 06:48 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

लेह, 24 मार्च (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मंगलवार को यहां ‘हॉल ऑफ फेम’ का दौरा किया और युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

चौदहवीं कोर के ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी)’ लेफ्टिनेंट जनरल हितेश भल्ला ने उपराज्यपाल का स्वागत किया।

सक्सेना ने बेहद कठिन और प्रतिकूल परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया ।

उन्होंने कहा कि शत्रु सेनाओं के विरुद्ध देश की रक्षा करते हुए सैनिकों द्वारा किए गए बलिदानों को हमेशा कृतज्ञता और सम्मान के साथ याद किया जाना चाहिए।

उपराज्यपाल ने कहा, “हमारे देश की स्वतंत्रता, गौरव और गरिमा के लिए प्राणों की आहुति देने वाले सशस्त्र बलों के शहीदों को मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि। हम भारतीय शहीदों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता के ऋणी हैं।’’

उन्होंने कहा कि ‘हॉल ऑफ फेम’ भारतीय सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को सही मायने में गौरवान्वित करता है।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन