सूरजपुर। Aadityaeshwar Sharan Singhdeo: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन को लेकर असंतोष की झलक एक बार फिर सामने आई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के भतीजे और कांग्रेस नेता आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने बड़ा बयान दिया है। पीसीसी चीफ दीपक बैज की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान कार्यकर्ताओं को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला, जिसके चलते उनमें उदासी का माहौल बन गया था। आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने स्पष्ट तौर पर कहा कि कार्यकर्ताओं की अनदेखी का असर सीधे संगठन की मजबूती पर पड़ा। उन्होंने माना कि कार्यकर्ताओं में निराशा और उत्साह की कमी ही विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का एक बड़ा कारण बनी। उन्होंने कहा कि पार्टी को भविष्य में इस तरह की गलतियों से सबक लेना होगा और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सम्मान और महत्व देना जरूरी है।
बता दें कि यह पहला मौका नहीं है, जब इस तरह की बात सामने आई हो। इससे पहले भी कई मौकों पर कांग्रेस में खुले तौर पर गुटबाजी देखने को मिली है। पिछले साल दिसंबर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सड़क मार्ग से उदयपुर और लखनपुर होते हुए देर रात अंबिकापुर पहुंचे। लेकिन इस दौरे में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव से जुड़े कांग्रेस समर्थकों ने भूपेश बघेल से दूरी बनाए रखी। इससे पहले धमतरी में एआईसीसी के महासचिव सचिन पायलट जब राजीव भवन से बाहर निकल रहे थे तभी कांग्रेस भवन में भारी हंगामा शुरू हो गया। सचिन पायलट की मौजूदगी में वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवेंद्र अजमानी ने तीखे आरोप लगाए। जिसके बाद माहौल गरमा गया। अजमानी ने महापौर टिकट वितरण को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शरद लोहाना पर कथित दलाली के आरोप लगाए।सचिन पायलट की मौजूदगी में बवाल खड़े हो गया।