मध्यप्रदेश : नए कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने ट्रैक्टर रैली निकाली

Ads

मध्यप्रदेश : नए कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने ट्रैक्टर रैली निकाली

  •  
  • Publish Date - January 6, 2021 / 01:14 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:49 PM IST

सीहोर (मप्र), छह जनवरी (भाषा) केंद्र के नए कृषि कानूनों के विरोध में बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र बुधनी के नसरुल्लागंज में ट्रैक्टर रैली निकाली।

ट्रैक्टर रैली में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, प्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और कई विधायकों एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

ये नेता ट्रैक्टरों पर सवार होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सीहोर जिले के नसरुल्लागंज पहुंचे। उनकी मांग थी कि केंद्र नए कृषि कानूनों को तुरंत वापस ले।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव ने कहा कि केंद्र के नए कृषि कानून किसानों के हित में नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ये कानून किसानों के लिए घातक साबित होंगे। केन्द्र सरकार इन कानूनों को तुरंत वापस ले।’’

यादव ने कहा, ‘‘जब तक सरकार इन कानूनों को वापस नहीं ले लेती, तब तक कांग्रेस किसानों के समर्थन में आंदोलन जारी रखेगी।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री चौहान के दबाव में सीहोर जिला प्रशासन ने इस रैली में भाग लेने आ रहे कई ट्रैक्टरों को रोक दिया।

वहीं, मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के नेता नये कृषि कानूनों पर झूठ बोलकर किसानों को गुमराह कर रहे हैं।

भाषा सं. रावत नीरज

नीरज